बुढ़वा मंगल पर दौलतिया हनुमान मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, एसडीएम-सीओ ने उतारी आरती

मुंगराबादशाहपुर। ऐतिहासिक प्रतापगढ़ रोड स्थित सिद्धपीठ दौलतिया हनुमान मंदिर पर बुढ़वा मंगल का पावन पर्व श्रद्धा, उल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। संकटमोचन हनुमान जी के दर्शन-पूजन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरा मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र ‘जय बजरंगबली’ के जयकारों से गूंजता रहा।

श्रद्धालुओं ने लंबी कतारों में लगकर हनुमान जी के दर्शन किए और रोट, हलवा व लड्डू का प्रसाद चढ़ाया। नगर में बैंड-बाजे के साथ भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। इसके अलावा विभिन्न मोहल्लों से डीजे और भजनों के बीच एक दर्जन से अधिक आकर्षक हनुमान जी की झांकियां और चौकियां निकाली गईं। झांकियों के दर्शन के लिए रास्तों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे रहे।

भव्य झांकियों और चौकियों के दौलतिया हनुमान मंदिर पहुंचने के बाद मेले का उत्साह और बढ़ गया। मंदिर के पुजारी राम निरंजन यादव ने मंत्रोच्चार के बीच भगवान हनुमान का अलौकिक शृंगार कराया और भाव आरती की।

इस दौरान एसडीएम अजय उपाध्याय और सीओ प्रतिमा वर्मा ने मंदिर पहुंचकर भगवान हनुमान की झांकी की विधि-विधान से आरती उतारी और क्षेत्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।

मेले में उमड़ी भारी भीड़ को व्यवस्थित करने और आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में मेला महासमिति के अध्यक्ष आलोक कुमार गुप्ता के नेतृत्व में 100 से अधिक सेवादार वॉलंटियरों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वॉलंटियरों ने दोपहर तीन बजे से रात नौ बजे तक निस्वार्थ भाव से श्रद्धालुओं की सेवा और व्यवस्था संभाली।

वॉलंटियरों की सेवा और सराहनीय योगदान के लिए एसडीएम अजय उपाध्याय और सीओ प्रतिमा वर्मा ने 100 से अधिक सेवादारों को सम्मानित किया। इस दौरान अधिकारियों ने उनके सेवा भाव की सराहना की।

मेले की सुरक्षा व्यवस्था और सफल संचालन में एसडीएम अजय उपाध्याय, सीओ प्रतिमा वर्मा, थाना प्रभारी अश्वनी दुबे, मेला महासमिति अध्यक्ष आलोक कुमार गुप्ता सहित आयोजन का संचालन करने वाले क्रांति गुप्ता कपूर और रंजीत गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

बुढ़वा मंगल के अवसर पर मंदिर परिसर में देर तक भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान हनुमान के दर्शन कर परिवार एवं क्षेत्र की सुख-शांति की प्रार्थना की।