बोरी के सहारे टिकी पुलिया, बारिश ने खोली बदइंतजामी की पोल


निघासन-खीरी। ग्राम शिवलाल पुरवा से दुर्गा पूर्व मार्ग को जोड़ने वाला रास्ता आगे राधा स्वामी सत्संग व्यास और निघासन-पलिया मार्ग से जुड़ता है। इसी मार्ग पर राधा स्वामी सत्संग से करीब 500 मीटर की दूरी पर बनी पुलिया लंबे समय से ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है।
पुलिया की जर्जर हालत को लेकर पहले भी खबर प्रकाशित की जा चुकी है, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया। बताया जा रहा है कि पुलिया के क्षतिग्रस्त हिस्से को बोरियों में मिट्टी भरकर अस्थायी रूप से बंद किया गया था। लगातार बारिश के चलते बोरियों के नीचे की मिट्टी बह गई और वहां फिर से गहरा गड्ढा बन गया है।
स्थिति यह है कि इस मार्ग से गुजरने वाले ग्रामीणों और राहगीरों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान गड्ढा और गहरा होने की आशंका है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों का कहना है कि आखिर कब तक बोरी और मिट्टी के सहारे पुलिया की मरम्मत की खानापूर्ति होती रहेगी। लोगों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि अस्थायी व्यवस्था के बजाय पुलिया की जल्द स्थायी मरम्मत कराई जाए, ताकि सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित हो सके।
अब सवाल यह है कि जिम्मेदार विभाग किसी हादसे का इंतजार करेगा या समय रहते पुलिया की सुध लेकर समस्या का स्थायी समाधान करेगा?