पुलिस मुठभेड़ में लूट का आरोपी गिरफ्तार, जवाबी फायरिंग में घायल


लखीमपुर खीरी। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना उचौलिया पुलिस ने पुलिस मुठभेड़ के दौरान लूट के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की गई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। क्षेत्राधिकारी मोहम्मदी अरुण कुमार सिंह के मार्गदर्शन और प्रभारी निरीक्षक थाना उचौलिया अवध राज सिंह सेंगर के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से लूट के आरोपी के क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना मिली थी।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी की घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी और मौके से भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
चार्ज संभालते ही अपराधियों पर कार्रवाई
थाना उचौलिया के प्रभारी निरीक्षक अवध राज सिंह सेंगर के कार्यभार संभालने के बाद पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।