बल्लीपुर में तेंदुए का आतंक: गाय के बछड़े को बनाया शिकार, ग्रामीणों में दहशत


निघासन, खीरी। तहसील क्षेत्र में तेंदुए की दहशत थमने का नाम नहीं ले रही है। रविवार रात बल्लीपुर गांव में तेंदुए ने किसान की गाय के बछड़े को अपना शिकार बना लिया। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों में तेंदुए को लेकर दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बल्लीपुर निवासी राजू की गाय का बछड़ा घर के बाहर बंधा हुआ था। रविवार रात घात लगाए बैठे तेंदुए ने अचानक बछड़े पर हमला कर दिया। इसके बाद तेंदुआ उसे खींचकर झाड़ियों की ओर ले गया। बछड़े की आवाज और हलचल सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक तेंदुआ बछड़े को लेकर जंगल की ओर भाग चुका था।
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश और भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से तेंदुए को गांव और उसके आसपास देखा जा रहा है। इससे लोगों में अपने बच्चों और पालतू पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से गांव में पिंजरा लगाने और क्षेत्र में लगातार गश्त बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि तेंदुए को जल्द नहीं पकड़ा गया तो किसी बड़ी अनहोनी की आशंका बनी रहेगी।
वन विभाग ने शुरू की कार्रवाई
ड्यूटी रेंजर मनोज कुमार यादव ने बताया कि बल्लीपुर गांव में तेंदुए ने पालतू गाय के बछड़े का शिकार किया है। वन विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि गांव में पिंजरा भेजा जा रहा है, ताकि तेंदुए को पकड़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़ने और गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।