
भारत विकास परिषद शाखा गोला की ओर से चार विद्यालयों में आयोजित हुई प्रथम चरण की प्रतियोगिता
गोला गोकर्णनाथ, खीरी। भारत विकास परिषद शाखा गोला की ओर से ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता के प्रथम चरण की परीक्षा का आयोजन नगर के चार विद्यालयों में किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए भारतीय संस्कृति, इतिहास, परंपराओं और देश से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी जानकारी का प्रदर्शन किया।
प्रथम चरण के अंतर्गत श्री लाल बहादुर शास्त्री स्मारक इंटर कॉलेज, गांधी स्मारक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज और गोला पब्लिक इंटर कॉलेज में प्रतियोगिता आयोजित हुई।
आयोजकों के अनुसार प्रथम चरण में कनिष्ठ वर्ग के 120 विद्यार्थियों और वरिष्ठ वर्ग के 280 विद्यार्थियों, यानी कुल 400 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रथम चरण की परीक्षा का परिणाम शीघ्र घोषित किया जाएगा। इसके बाद चयनित प्रतिभागियों के लिए प्रतियोगिता के द्वितीय चरण में क्विज परीक्षा आयोजित की जाएगी।
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में देश के इतिहास, संस्कृति, महापुरुषों, भारतीय परंपराओं और राष्ट्रीय जीवन से जुड़े विषयों के प्रति जागरूकता एवं ज्ञान को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को भारत की विविधता और गौरवशाली विरासत के बारे में जानने का अवसर भी मिला।
इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष गुरुदेव शर्मा, सचिव मनोज कुमार मिश्रा, कोषाध्यक्ष रवि सक्सेना, प्रांतीय मार्गदर्शक डॉ. द्वारिका प्रसाद रस्तोगी, पूर्व अध्यक्ष डॉ. आदर्श दीक्षित, डॉ. सौरभ दीक्षित, मनोज मिश्रा, पीयूष पंकज बाजपेई, परविजय सिंह, रामेंद्र शुक्ला सहित अन्य सम्मानितजन उपस्थित रहे।
आयोजकों ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं और आगामी चरण के लिए चयनित विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।