
लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और जनसंपर्क अभियान को गति देने के लिए पार्टी नेता मनोज कुमार पाल को चार जनपदों की विधानसभा क्षेत्रों में संगठन विस्तार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव तथा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल के निर्देशानुसार उन्हें रायबरेली, लखनऊ, बाराबंकी और सीतापुर जनपदों की विधानसभा क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने का दायित्व दिया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष की ओर से जारी पत्र में मनोज कुमार पाल को संबंधित विधानसभा क्षेत्रों का भ्रमण कर चौपाल एवं कैडर पंचायतों के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता से संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करते हुए पार्टी की गतिविधियों को और प्रभावी बनाने की जिम्मेदारी भी दी गई है।
नीतियों और कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाने पर जोर
पार्टी नेतृत्व की ओर से दी गई जिम्मेदारी के तहत मनोज कुमार पाल समाजवादी पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों को आम जनता तक पहुंचाएंगे। साथ ही पार्टी सरकार के कार्यकाल में किए गए विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का अभियान चलाया जाएगा।
चौपाल और कैडर पंचायतों के माध्यम से कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर स्थानीय स्तर की समस्याओं और जनभावनाओं को समझने का प्रयास किया जाएगा। माना जा रहा है कि इस अभियान के जरिए विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करने पर जोर रहेगा।
नेतृत्व के प्रति जताया आभार
नई जिम्मेदारी मिलने पर मनोज कुमार पाल ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव तथा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उस पर वह पूरी निष्ठा, मेहनत और समर्पण के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि चारों जनपदों की विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर संगठन को मजबूत करने और जनता से निरंतर संवाद स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा।