
बाराबंकी। केसरीपुर रेलवे क्रासिंग पर रेल लाइन की मरम्मत के बाद सड़क को ठीक से समतल न किए जाने से कजरी तीज मेले में जा रहे श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। चार दिन पहले रेलवे क्रासिंग पर खुदाई कर रोड़े डाले गए थे, लेकिन इसके बाद सड़क को बराबर नहीं किया गया। रविवार शाम से रात तक क्रासिंग पर रोड़े इधर-उधर फैलते रहे, जिससे इस मार्ग से गुजर रहे दर्जनों मोटरसाइकिल सवार फिसलकर सड़क पर गिर गए और चोटिल हो गए। रोड़ों के कारण कई ई-रिक्शा भी अनियंत्रित होकर पलट गए। लगातार हो रहे हादसों से मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं में काफी आक्रोश देखने को मिला।
श्रद्धालुओं का कहना था कि रेलवे क्रासिंग पर मरम्मत के बाद रोड़े डालने के साथ ही सड़क को बराबर और सुरक्षित किया जाना चाहिए था, लेकिन रेल प्रशासन की ओर से इस ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। कजरी तीज मेले के चलते इस मार्ग पर रविवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और वाहनों की आवाजाही रही। इसके बावजूद क्रासिंग पर सड़क की बदहाल स्थिति बनी रही। रोड़े सड़क पर बिखरे होने के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी हुई और कई लोग फिसलकर गिर गए। हादसों के बाद मौके से गुजर रहे लोगों में रेलवे प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी दिखाई दी।
श्रद्धालुओं ने रेलवे प्रशासन पर लगाया लापरवाही का आरोप
कुंवर बहादुर, शिव मोहन, राजाराम, उमेश, गुरुदेव, मुकेश और राज दुलारी समेत कई श्रद्धालुओं ने रेलवे प्रशासन की लापरवाही पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि कजरी तीज के दौरान इस मार्ग से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुजरते हैं। ऐसे में रेलवे क्रासिंग की सड़क को पहले से सुरक्षित और सुगम बनाया जाना चाहिए था। लोगों ने आरोप लगाया कि सड़क को समतल न किए जाने के कारण श्रद्धालुओं को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ा और कई लोग हादसे का शिकार हुए।
सोमवार को रेल मंत्री को भेजेंगे ज्ञापन
श्रद्धालुओं ने बताया कि मामले की शिकायत सोमवार को रेल मंत्री को ज्ञापन भेजकर की जाएगी। उन्होंने रेलवे क्रासिंग को तत्काल दुरुस्त कराने और सड़क को पूरी तरह समतल कर सुरक्षित बनाने की मांग की है, ताकि आने-जाने वाले लोगों को परेशानी न हो और भविष्य में इस तरह के हादसों की पुनरावृत्ति न हो।