
लखनऊ। राजधानी के पारा थानाक्षेत्र की नई काशीराम कॉलोनी में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक को टंकी पर चढ़ा देख आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। परिजन और स्थानीय लोगों ने उसे काफी देर तक नीचे उतरने के लिए समझाया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और युवक को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने युवक को सुरक्षित पानी की टंकी से नीचे उतार लिया।
मिली जानकारी के मुताबिक, नई काशीराम कॉलोनी निवासी विनोद सोनकर का बीती रात अजीज अंसारी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मामला बढ़ गया। युवक की पत्नी के मुताबिक, विवाद के बाद उसे लगा कि मामले में उसे न्याय नहीं मिला, जिससे वह काफी नाराज और परेशान था। इसी बात से क्षुब्ध होकर सोमवार दोपहर करीब 12 बजे विनोद काशीराम कॉलोनी स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गया।
पत्नी और स्थानीय लोगों ने काफी देर तक समझाया
युवक के पानी की टंकी पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही उसकी पत्नी मौके पर पहुंच गई। उसने काफी देर तक विनोद को नीचे उतरने के लिए समझाया और उससे ऐसा कदम न उठाने की अपील की। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर जमा हो गए। लोगों ने भी युवक को समझाकर नीचे आने के लिए कहा। स्थिति को देखते हुए पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद 112 पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए समझाने का प्रयास शुरू किया।
पुलिस के समझाने के बाद सुरक्षित नीचे उतरा युवक
काफी देर तक चली समझाइश के बाद पुलिस युवक को सुरक्षित पानी की टंकी से नीचे उतारने में सफल रही। युवक के नीचे उतरने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। घटना के दौरान कुछ समय तक कॉलोनी में अफरा-तफरी और हड़कंप का माहौल बना रहा। हालांकि, युवक के सुरक्षित नीचे उतरने के बाद स्थिति सामान्य हो गई।
विवाद के मामले में शांति भंग की कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद के मामले में कार्रवाई की जा रही है। हंसखेड़ा चौकी प्रभारी मुन्नालाल ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। मामले में शांति भंग की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि युवक को समझाकर पानी की टंकी से सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है।