
बाराबंकी। कुर्सी थाना क्षेत्र के बैना गांव में रविवार देर शाम बारिश के पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से तीन बालकों की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है और मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के मुताबिक, बैना गांव में एक मुर्गी फार्म का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण के लिए मिट्टी निकालने के उद्देश्य से परिसर में गहरा गड्ढा खोदा गया था। लगातार बारिश के कारण इस गड्ढे में काफी पानी भर गया था। रविवार देर शाम तीन बालक नहाने के लिए गड्ढे में उतर गए। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने 13 वर्षीय देवा और 12 वर्षीय सुमित को पानी से बाहर निकाला और उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, 10 वर्षीय दिव्यांश के लापता होने के बाद उसकी तलाश शुरू की गई। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से देर रात दिव्यांश का शव भी बरामद कर लिया। तीनों बालकों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में कोहराम मच गया।
हादसे की सूचना पर एसडीएम फतेहपुर कार्तिकेय सिंह और सीओ जगतराम कन्नौजिया ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बचाव एवं राहत कार्य की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।