
गोला गोकर्णनाथ-खीरी। सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को कपरहा गांव में सनशाइन हॉस्पिटल एंड ट्रामा सेंटर की ओर से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आसपास के गांवों से पहुंचे 200 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराई और निःशुल्क दवाएं प्राप्त कीं।
शिविर का आयोजन सनशाइन हॉस्पिटल एंड ट्रामा सेंटर के संचालक, आर्थोपेडिक सर्जन एवं भाजपा नेता डॉ. कौशल वर्मा की ओर से किया गया। शिविर में एमबीबीएस एवं जनरल मेडिसिन तथा मधुमेह रोग विशेषज्ञ डॉ. संजय कुमार, डॉ. अमन वर्मा और हॉस्पिटल का स्टाफ मौजूद रहा।
स्वास्थ्य शिविर में कोटवारा, नौगवां, देवकली, देवरिया, जड़ौरा सहित आसपास के कई गांवों से ग्रामीण पहुंचे। मरीजों की विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांचें निःशुल्क की गईं। इनमें आरबीएस, न्यूरोपैथी, यूरिक एसिड, ब्लड शुगर और हीमोग्लोबिन की जांच शामिल रही। जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श और दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
गांव-गांव स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाना मिशन
डॉ. कौशल वर्मा ने कहा कि जरूरतमंद और पीड़ित मानवता की सेवा ही उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगातार निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि हॉस्पिटल की ओर से लखीमपुर, सीतापुर, पीलीभीत और बरेली सहित विभिन्न जिलों में अब तक सैकड़ों निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाए जा चुके हैं। इन शिविरों के माध्यम से हजारों लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया है।
स्वास्थ्य सेवा के साथ-साथ जरूरतमंद लोगों को विभिन्न प्रकार के विकलांग उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराने, प्रतिभाशाली बच्चों का सम्मान करने, बच्चों को आर्थिक सहायता एवं पाठ्य सामग्री देने तथा गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग और उपहार देने जैसे कार्य भी किए जा रहे हैं।
इसके अलावा बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा और अग्निकांड से प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने का कार्य भी संस्था की ओर से किया जाता रहा है।
डॉ. कौशल वर्मा ने कहा कि गोला क्षेत्र के सैकड़ों गांवों में रहने वाले लोगों को उनके गांव और आसपास ही स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके, इसके लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का अभियान आगे भी जारी रहेगा।