चिनहट में नर्सिंग विद्यार्थियों ने निकाली जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक से संचारी रोगों से बचाव का दिया संदेश

घर-घर दस्तक अभियान के तहत लोगों को स्वच्छता, साफ पेयजल और मच्छरों से बचाव के प्रति किया जागरूक

लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (आरएमएलआईएमएस) के कॉलेज ऑफ नर्सिंग के विद्यार्थियों ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), चिनहट में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान और घर-घर दस्तक अभियान के तहत स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। बीएससी नर्सिंग के वर्ष 2022 बैच के विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य समुदाय में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के साथ लोगों को व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वच्छ पेयजल के उपयोग और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित करना था। विद्यार्थियों ने मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने और रोगों के लक्षण दिखाई देने पर समय से चिकित्सकीय परामर्श लेने का संदेश दिया।

रैली के माध्यम से लोगों को संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। इसके बाद प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक में रोगों के प्रसार, लक्षण, रोकथाम और समय पर जांच एवं उपचार के महत्व को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया। विद्यार्थियों ने लोगों से स्वस्थ आदतें अपनाने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की अपील की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी चंदन सिंह यादव, चिकित्सा अधिकारी डॉ. अर्पिता और वरिष्ठ फार्मासिस्ट अशोक उपस्थित रहे। अतिथियों ने संचारी रोगों की रोकथाम, स्वास्थ्य संवर्धन और सामुदायिक सहभागिता के महत्व पर प्रकाश डाला।

संस्थान के निदेशक डॉ. सीएम सिंह के मार्गदर्शन तथा कॉलेज ऑफ नर्सिंग के प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. शिव कुमार मुद्गल और उप-प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. निपिन कलाल के सहयोग से कार्यक्रम आयोजित किया गया। एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. नवीन जेएच के मार्गदर्शन में ट्यूटर जयवर्धन सिंह ने कार्यक्रम का संचालन किया। नर्सिंग ऑफिसर मधुसूदन सिंह और शुभम सिंह का भी सहयोग रहा।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने रोगों की रोकथाम और स्वास्थ्य संवर्धन में सामुदायिक सहभागिता की भूमिका को रेखांकित किया। अभियान का संदेश रहा—‘स्वस्थ व्यवहार अपनाएं, संचारी रोगों को दूर भगाएं।’