
कोसीकलां। विधानसभा चुनाव को देखते हुए मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, एसआईआर फॉर्म भरवाने और सूची में त्रुटियों के संशोधन के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। शनिवार को एडीएम वित्त एवं राजस्व पंकज कुमार, एडीएम नंदकिशोर और उपजिलाधिकारी अखिलेश कुमार ने नगर के विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बूथों पर तैनात कर्मचारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराए जाएं। साथ ही मतदाता सूची में दर्ज नाम, पते और अन्य विवरणों में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर समय से संशोधन कराया जाए। अधिकारियों ने मतदेय स्थलों पर साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को भी कहा।
अधिकारियों ने बताया कि 17 अक्टूबर को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इसके तहत नगर के 42 बूथों पर अधिकारी और कर्मचारियों की तैनाती की गई है। यह अभियान 24 अक्टूबर तक जारी रहेगा। इसका उद्देश्य पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल करने और संशोधन संबंधी कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करना है।
इसके बाद अधिकारियों ने भरत मिलाप मेले को लेकर नगरपालिका की ओर से कराए गए विकास कार्यों और व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मेले से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं दुरुस्त पाई गईं। नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी डॉ. संजय कुमार और लेखाधिकारी योगेंद्र शर्मा ने अधिकारियों को व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने का आश्वासन दिया।
निरीक्षण के दौरान नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी डॉ. संजय कुमार, पालिकाध्यक्ष धर्मवीर अग्रवाल और लेखाधिकारी योगेंद्र शर्मा मौजूद रहे।