पूजा पंडाल में सांप के दांत तोड़ने की कोशिश पड़ी भारी, पिता-पुत्र की मौत

बाराबंकी। जिले के सतरिख थाना क्षेत्र के मुनक्की पुरवा गांव में रविवार रात पूजा पंडाल में सांप के साथ करतब दिखाने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। जहरीले नाग के डसने से पिता-पुत्र की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी महेश (60) और उनके पुत्र नौमीलाल (26) बाग से एक काला नाग पकड़कर पूजा पंडाल में ले आए थे। बताया जा रहा है कि वहां मौजूद लोगों को सांप दिखाने के दौरान उसके जहरीले दांत तोड़ने का प्रयास किया जा रहा था। इसी बीच सांप पकड़ से छूट गया और उसने पहले नौमीलाल तथा फिर महेश को डस लिया।

अस्पताल में नहीं बच सकी जान

सांप के डसने के बाद दोनों को जिला अस्पताल बाराबंकी ले जाया गया। नौमीलाल की हालत गंभीर होने पर उसे एंटी स्नेक वेनम दिया गया, लेकिन उसकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ। हालत बिगड़ने पर उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। हालांकि, रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वहीं, महेश को भी चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

सतरिख कोतवाल डीके सिंह ने बताया कि पिता-पुत्र के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को भी दे दी गई है।