कासगंज में दर्दनाक हादसा: गैस सिलेंडर फटने से 14 वर्षीय किशोर की मौत, चार बच्चे घायल

कासगंज। जनपद के नगला भूरा गांव में शुक्रवार दोपहर खाना बनाते समय एलपीजी गैस सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया। विस्फोट के कारण मकान का लेंटर और दीवारें ढह गईं। हादसे में 14 वर्षीय किशोर प्रियांशु की मौत हो गई, जबकि एक मासूम समेत चार बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 12:49 बजे पुलिस को नगला भूरा गांव में गैस सिलेंडर फटने और मकान का हिस्सा गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना कासगंज की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

बताया गया कि शीलेंद्र सिंह का 14 वर्षीय पुत्र प्रियांशु घर में खाना बना रहा था। उस समय शीलेंद्र अपने कुछ बच्चों के साथ बाल कटवाने के लिए बाहर गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी कविता मकान के ऊपरी हिस्से में सो रही थीं। नीचे खाना बनाते समय अचानक सिलेंडर में आग लग गई। आग की लपटें और शोर सुनकर कविता नीचे की ओर दौड़ीं, तभी तेज धमाके के साथ सिलेंडर फट गया। विस्फोट इतना जोरदार था कि मकान का लेंटर और दीवारें ढह गईं। प्रियांशु मलबे में दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

परिजनों के अनुसार, शीलेंद्र और कविता के पांच बच्चे हैं। इनमें उपासना करीब 16 वर्ष, प्रियांशु 14 वर्ष, खुशबू 12 वर्ष, विवेक 10 वर्ष और भावना करीब चार वर्ष की है। हादसे में प्रियांशु की जान चली गई, जबकि चार अन्य बच्चे घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर आंचल चौहान, फायर ब्रिगेड की टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत-बचाव कार्य का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक किशोर के शव को मलबे से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है और मामले में नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस दर्दनाक घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में मातम पसरा हुआ है।