
रिपोर्ट –बोबी ठाकुर | कासगंज।
उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले के पटियाली ब्लॉक में तैनात खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) संजीव कुमार का कथित विवादित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई है। वायरल वीडियो में बीडीओ कथित तौर पर रिश्वतखोरी और अवैध लेन-देन की बात करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में दलाली की रकम का हिस्सा डीएम, एसडीएम और तहसीलदार तक पहुंचने का दावा भी किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि संजीव कुमार पिछले करीब दो वर्षों से पटियाली ब्लॉक में तैनात हैं। वायरल वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। वीडियो में किए गए कथित दावों की सत्यता और उनकी परिस्थितियों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।
मामले ने सरकारी कामकाज में पारदर्शिता और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के दावों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों के बीच भी इस प्रकरण को लेकर नाराजगी की चर्चा है।
हालांकि, वायरल वीडियो के आधार पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों को फिलहाल प्रमाणित नहीं माना जा सकता। मामले में प्रशासन की आधिकारिक प्रतिक्रिया, वीडियो की प्रामाणिकता की जांच और किसी कार्रवाई की पुष्टि का इंतजार है।