मोबाइल चलाने पर डांट के बाद 17 वर्षीय छात्र लापता, तलाश में जुटी पुलिस

कासगंज। कासगंज में माया देवी पब्लिक स्कूल का 17 वर्षीय छात्र पार्थ वर्मा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। परिजनों की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन कर रही है।

धनतोरिया रोड पर सेंट जोसेफ स्कूल के सामने रहने वाले मदन पाल का पुत्र पार्थ बुधवार सुबह करीब 7:45 बजे घर से स्कूल जाने के लिए निकला था। दोपहर 1:30 बजे तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों ने स्कूल पहुंचकर जानकारी की। वहां पता चला कि वह स्कूल पहुंचा ही नहीं था। इसके बाद परिजनों ने आसपास के इलाकों और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

परिजनों के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब आठ बजे मोबाइल फोन का अधिक इस्तेमाल करने पर पार्थ को डांट लगाई गई थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी बात से नाराज होकर वह घर से कहीं चला गया हो। हालांकि, उसके लापता होने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

पार्थ के पिता मदन पाल ने कोतवाली कासगंज में प्रार्थना पत्र देकर बेटे को तलाशने की गुहार लगाई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जगदीश चंद्र के मुताबिक, किशोर की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है और आसपास के थानों से भी समन्वय स्थापित किया गया है। पुलिस का कहना है कि किशोर की सकुशल बरामदगी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।