रिपोर्ट -बोबी ठाकुर
कासगंज।कासगंज जनपद के पटियाली ब्लॉक में तैनात रहे खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) संजीव कुमार को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पद से निलंबित कर दिया है। बीडीओ का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद शासन स्तर पर यह कड़ी कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई से जिले के प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।
क्या है पूरा मामला?
पटियाली ब्लॉक में तैनात बीडीओ संजीव कुमार का एक वीडियो हाल ही में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। इस वीडियो में बीडीओ संजीव कुमार जिले के उच्च अधिकारियों पर रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते तथा अभद्र भाषा व गाली-गलौज का प्रयोग करते हुए दिखाई दे रहे थे।
जिलाधिकारी ने गठित की थी जांच टीम।
वीडियो वायरल होने के प्रकरण का तत्काल संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने बीडीओ संजीव कुमार को पटियाली से हटाकर जिला मुख्यालय से अटैच कर दिया था। इसके साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एक टीम का गठन भी किया गया था। जांच के साथ-साथ जिलाधिकारी ने शासन को बीडीओ के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति करते हुए पत्र भेजा था।
शासन की कड़ी कार्रवाई।
जिलाधिकारी प्रणय सिंह की रिपोर्ट और संस्तुति के आधार पर उप मुख्यमंत्री (ग्राम्य विकास मंत्री) केशव प्रसाद मौर्य ने बीडीओ संजीव कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए।
शासन का स्पष्ट संदेश है कि अनुशासनहीनता, अमर्यादित आचरण और बिना साक्ष्यों के आरोपबाजी को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बीडीओ के खिलाफ निलंबन की इस बड़ी कार्रवाई के बाद विकास विभाग और अन्य प्रशासनिक महकमों में अफरा-तफरी का माहौल है।