खेत में पानी के पाइप को लेकर दो पक्षों में मारपीट, पुलिस ने की कार्रवाई

रिपोर्ट –बोबी ठाकुर | कासगंज

कासगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के किसरौली गांव में खेत में पानी लगाने के लिए पाइप (लेजम) बिछाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया।

पुलिस के मुताबिक, बुधवार शाम दूरभाष के माध्यम से ग्राम किसरौली में दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना मिली थी। इस पर उपनिरीक्षक उपेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। जांच में सामने आया कि दुकान के पीछे स्थित खेत में पानी लगाने के लिए लेजम (पाइप) डालने को लेकर रूपराम पुत्र नरोत्तम सिंह (18) और निखिल कुमार पुत्र महेंद्र सिंह (24), निवासी ग्राम किसरौली के बीच विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए और मारपीट हो गई।

पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 और 135 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, मौके पर शांति एवं कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।