MCD के जूनियर इंजीनियर और असिस्टेंट इंजीनियर सस्पेंड

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में गुरुवार सुबह निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत गिरने से बड़ा हादसा हो गया। मलबे में दबने से 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद MCD ने क्षेत्र के जूनियर इंजीनियर और असिस्टेंट इंजीनियर को सस्पेंड कर दिया है।
चावड़ी बाजार में सुबह 9:50 बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, इमारत गिरने की घटना गली सितारा में चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास हुई। सुबह करीब 9:50 बजे इसकी सूचना दमकल विभाग को मिली। निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत अचानक ढह गई और वहां मौजूद लोग मलबे में दब गए।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कम से कम छह गाड़ियां और बचाव दल मौके पर पहुंचे। दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग और नगर निगम की टीमें राहत एवं बचाव अभियान में जुट गईं। शुरुआती जानकारी में करीब 15 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई गई थी।
संकरी गली के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में मुश्किल
चावड़ी बाजार की संकरी गलियों के कारण बचाव अभियान में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, घटनास्थल तक बड़े बचाव वाहनों और मशीनों को पहुंचाना चुनौतीपूर्ण रहा।

हादसे के बाद मलबे से दो शव निकाले गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। बाद की जानकारी में चार लोगों के घायल होने की बात सामने आई। बचाव दल ने मौके पर राहत कार्य जारी रखा।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, अचानक सुनाई दी तेज आवाज
घटना के प्रत्यक्षदर्शी मोहम्मद नईम ने बताया कि हादसा सुबह करीब 9 से 9:30 बजे के बीच हुआ। उनके मुताबिक, लोग सो रहे थे, तभी इमारत गिरने की तेज आवाज सुनाई दी। सभी लोग घरों से बाहर निकले तो पता चला कि बगल में बन रही इमारत ढह गई है।
नईम ने बताया कि इमारत में तीन-चार लिंटल यानी छत के हिस्से डाले जा चुके थे, जो एक साथ गिर गए। उन्होंने यह भी बताया कि इमारत पिछले 3 से 4 महीने से बन रही थी। एक घायल मजदूर ने उन्हें बताया था कि हादसे के समय वहां तीन-चार लोग मौजूद थे।
पार्षद ने अवैध निर्माण को लेकर उठाए सवाल
इलाके की पार्षद राफिया माहिर ने आरोप लगाया कि उन्होंने स्टैंडिंग कमेटी की बैठक और सदन में कई बार क्षेत्र में हो रहे अवैध निर्माण का मुद्दा उठाया था। उनका कहना है कि इस पर रोक लगाने की मांग के बावजूद मेयर और स्टैंडिंग कमेटी के अध्यक्ष ने ध्यान नहीं दिया। पार्षद ने हादसे के बाद लोगों की मौत को लेकर प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल उठाए।
MCD के जूनियर इंजीनियर और असिस्टेंट इंजीनियर सस्पेंड
हादसे के बाद दिल्ली नगर निगम ने संबंधित क्षेत्र के जूनियर इंजीनियर और असिस्टेंट इंजीनियर को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। निलंबन आदेश में प्रथम दृष्टया गंभीर लापरवाही का मामला सामने आने का उल्लेख किया गया है। दोनों अधिकारियों के खिलाफ आगे की जांच लंबित रहने तक यह कार्रवाई की गई है।
हादसे ने निर्माण कार्यों की निगरानी पर खड़े किए सवाल
चावड़ी बाजार की घटना में दो लोगों की जान चली गई और कई लोग घायल हुए। पार्षद ने अवैध निर्माण पर पहले भी शिकायतें और सवाल उठाने का दावा किया है। ऐसे में इस हादसे के बाद निर्माण कार्यों की निगरानी और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

चावड़ी बाजार में निर्माणाधीन इमारत गिरने से 2 लोगों की मौत हुई और 4 लोग घायल हुए। MCD ने दो इंजीनियरों को सस्पेंड किया है। हादसे की जिम्मेदारी और निर्माण से जुड़े पहलुओं की जांच के बाद ही कारणों की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल गैरजिम्मेदारी का खामियाज़ा आखिर कबतक लोग भुगतेंगे।
अवैध निर्माण को लेकर तमाम शिकायतों के बावजूद उन पर कोई एक्शन क्यों नहीं होता, हैरानी इस बात की है कि हाल में पीजी इमारत के गिरने के बाद दिल्ली सरकार ने तत्परता दिखाई थी लेकिन इस एक और घटना के बाद ऐसा लगता है गंभीरता अब सिर्फ कैमरों तक दिखती है और नतीज़ वही रहता है ढाक के तीन पात। (Expose India)
यह भी पढ़ें
खेत में पानी के पाइप को लेकर दो पक्षों में मारपीट, पुलिस ने की कार्रवाई