
रिपोर्ट – बोबी ठाकुर
कासगंज। पटियाली थाना क्षेत्र के ग्राम कुड़ा में सोमवार दोपहर एक 25 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई। महिला का जला हुआ शव घर के कमरे में मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी के साथ क्षेत्राधिकारी अमित कुमार और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल की जांच के लिए डॉग स्क्वायड और फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया। दोनों टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। इसके अलावा नायब तहसीलदार रोहित सक्सेना और लेखपाल बीरेश बाबू भी मौके पर पहुंचे। नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान 25 वर्षीय कीर्ति पत्नी सौरभ के रूप में हुई है। सोमवार दोपहर पुलिस गांव पहुंची तो कीर्ति का शव घर के कमरे में जली हुई अवस्था में मिला। ग्रामीणों के मुताबिक कीर्ति की शादी करीब पांच वर्ष पहले हुई थी। शादी के पांच साल बाद भी दंपती के कोई संतान नहीं थी। मृतका का मायका बदायूं जनपद के मूसाझाग थाना क्षेत्र के ग्राम रूपपुर में है, जबकि उसका पति सौरभ फरीदाबाद में काम करता है।
घटना की जानकारी मिलने पर मायके पक्ष के लोग भी गांव पहुंचे। मृतका के भाई दीपक ने अपनी बहन की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। इस आरोप के बाद मामला और गंभीर हो गया है। हालांकि, महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और आग लगने की वजह क्या थी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
क्षेत्राधिकारी अमित कुमार ने बताया कि पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।