
रिपोर्ट-बोबी ठाकुर
कासगंज जनपद के थाना सहावर क्षेत्र के जमालपुर गांव के निकट एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार वर्षीय मासूम की जान चली गई। बच्चा अपने पिता के साथ बाजार से सामान खरीदने निकला था, तभी सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, शाहजहांपुर जिले के फरौल गांव निवासी रवेंद्र अपने परिवार के साथ सहावर क्षेत्र स्थित ‘जय मां दुर्गे ईंट भट्ठे’ पर मजदूरी कर जीवनयापन करते हैं। सोमवार को रवेंद्र अपने चार वर्षीय पुत्र प्रिंस को साथ लेकर बाजार में सामान खरीदने जा रहे थे। जमालपुर रोड पर सड़क पार करने के दौरान सामने से आ रहे एक ई-रिक्शा ने मासूम प्रिंस को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में घायल बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल लेकर भागे, लेकिन रास्ते में ही मासूम ने दम तोड़ दिया।
इकलौता चिराग नहीं रहा।
इकलौते या नन्हे चिराग के बुझ जाने से परिवार में कोहराम मच गया है। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची सहावर थाना पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।