
लखनऊ, 17 नवंबर। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ के कॉलेज ऑफ नर्सिंग के सामुदायिक स्वास्थ्य नर्सिंग विभाग की ओर से बीएससी नर्सिंग पंचम सेमेस्टर (2024 बैच) के विद्यार्थियों का पराग डेयरी, लखनऊ में शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने दूध के संग्रहण, प्रसंस्करण, गुणवत्ता परीक्षण और पाश्चुरीकरण की प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की।
कॉलेज ऑफ नर्सिंग के प्राचार्य प्रो. शिव कुमार मुडगल के मार्गदर्शन में आयोजित इस भ्रमण का पर्यवेक्षण डॉ. नवीन जे.एच., एसोसिएट प्रोफेसर, जयवर्धन सिंह, ट्यूटर और मधुसूदन, नर्सिंग ऑफिसर ने किया। पराग डेयरी की ओर से एस.पी. यादव ने विद्यार्थियों को डेयरी की कार्यप्रणाली से परिचित कराया और दूध की गुणवत्ता बनाए रखने की विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी दी।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि किस प्रकार कच्चे दूध का संग्रहण, गुणवत्ता परीक्षण और सुरक्षित प्रसंस्करण कर उपभोक्ताओं तक शुद्ध एवं सुरक्षित दूध पहुंचाया जाता है। इसके साथ ही दूध के माध्यम से फैलने वाले संक्रामक रोगों की रोकथाम, पाश्चुरीकरण, खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान और खाद्य सुरक्षा नियमों के बारे में भी विस्तार से समझाया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य नर्सिंग के दृष्टिकोण से विद्यार्थियों ने खाद्य जनित बीमारियों की रोकथाम, व्यक्तिगत एवं पर्यावरणीय स्वच्छता तथा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पोषण स्तर सुधारने में जनस्वास्थ्य शिक्षा की भूमिका को समझा।
इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को खाद्य एवं पोषण सुरक्षा, निवारक स्वास्थ्य देखभाल और सामुदायिक स्वास्थ्य नर्सिंग के व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराना था। भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रहा। इससे उन्हें पुस्तकीय ज्ञान को वास्तविक कार्यप्रणाली से जोड़ने और भविष्य में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की समझ विकसित करने का अवसर मिला।