
रिपोर्ट -बोबी ठाकुर
कासगंज जनपद के मोहनपुरा क्षेत्र के ग्राम टीकमपुरा स्थित माता रानी के मंदिर में अज्ञात अराजक तत्वों द्वारा बजरंगबली की मूर्ति को खंडित किए जाने से क्षेत्र में तनाव फैल गया है। पुलिस चौकी के ठीक पीछे हुई इस घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर ग्रामीणों को शांत कराया।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव में चौकी के पीछे स्थित माता रानी के मंदिर में बजरंगबली की प्रतिमा स्थापित है। बीती रात या तड़के अज्ञात शरारती तत्वों ने मंदिर में घुसकर प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह जब ग्रामीण पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे, तो खंडित मूर्ति देख दंग रह गए। देखते ही देखते यह खबर पूरे गांव में आग की तरह फैल गई और मंदिर परिसर में ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि करीब सात महीने पहले भी इसी मंदिर में मूर्ति तोड़ने की घटना को अंजाम दिया गया था। बार-बार धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति होने से लोगों में प्रशासन के प्रति गहरा रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस चौकी के नजदीक होने के बावजूद अराजक तत्वों के हौसले बुलंद हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान प्रधान प्रतिनिधि राजेंद्र राठौड़ भी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से वार्ता कर घटना की निष्पक्ष जांच करने और जल्द ही दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। उधर, ग्रामीणों ने प्रशासन से मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी अप्रिय घटनाएं न हों। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।