
ग्राम जखा में 28 वर्षीय युवक का शव मिलने से मची सनसनी, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव; सीओ बोले- हर पहलू से की जा रही जांच
कासगंज। उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में अमापुर थाना क्षेत्र के ग्राम जखा में शुक्रवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। गांव के समीप आम के बाग में 28 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। वहीं, युवक की मौत की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई।
मृतक की पहचान ग्राम जखा निवासी कालीचरन (28) पुत्र स्वर्गीय चोले लाल के रूप में हुई है। बताया गया कि गांव के पास स्थित विजय लंबरदार के आम के बाग में ग्रामीणों ने एक पेड़ से युवक का शव लटका हुआ देखा। इसके बाद गांव में घटना की खबर फैल गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर अमापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी सहावर दुर्गेश कुमार मिश्र भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की गई और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।
युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। प्रथम दृष्टया मामला फांसी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस घटना के पीछे की परिस्थितियों और अन्य संभावित कारणों की पड़ताल कर रही है।
इस संबंध में सीओ सहावर दुर्गेश कुमार मिश्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है।
रिपोर्ट – बोबी ठाकुर | कासगंज