
उन्नाव। शिक्षा को किताबी ज्ञान से आगे ले जाकर वास्तविक जीवन के अनुभवों से जोड़ने की दिशा में उच्च प्राथमिक विद्यालय रामपुर गढ़ौवा में लर्निंग बाय डूइंग के अंतर्गत एक अभिनव गतिविधि आयोजित की गई। इसमें बच्चों ने वैज्ञानिक मापन, अवलोकन और डिजिटल तकनीक का प्रयोग करते हुए अपने विद्यालय परिसर का डिजिटल मैप तैयार किया।
गतिविधि में छात्रा कोमल ने विद्यालय परिसर से संबंधित एकत्रित आंकड़ों को टैबलेट में डिजिटल रूप से सुरक्षित एवं व्यवस्थित किया, जबकि समरीन ने परिसर के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों और संरचनाओं के बिंदु निर्धारित कर उन्हें मैप पर व्यवस्थित किया। आशीष और सौरभ ने परिसर की लंबाई-चौड़ाई तथा विभिन्न हिस्सों के मापन की जिम्मेदारी निभाई। यह संपूर्ण प्रक्रिया सहायक शिक्षक प्रदीप वर्मा एवं शिक्षिका शाहे खुबा के निर्देशन में संपन्न हुई। बच्चों ने विद्यालय भवन, कक्ष-कक्षाओं, पोषण वाटिका, बालक एवं बालिका शौचालय, खेल का मैदान, मीना मंच, अतिरिक्त कक्ष, एमडीएम शेड, गार्डन तथा अन्य सुविधाओं की स्थिति का अवलोकन कर उन्हें मैप में स्थान दिया। इस दौरान बच्चों ने रैखिक मापन, दूरी का निर्धारण, दिशा ज्ञान, ज्यामितीय स्थिति, स्थानिक संबंध और अनुपात की अवधारणाओं को वास्तविक परिस्थितियों में समझा।
इस गतिविधि का वैज्ञानिक पक्ष यह रहा कि बच्चों ने किसी स्थान का नक्शा बनाने के लिए केवल उसकी आकृति नहीं देखी, बल्कि उसके विभिन्न घटकों की स्थिति, उनके बीच की दूरी और आपसी संबंधों का विश्लेषण किया। इस प्रक्रिया से उनमें स्थानिक चिंतन, तार्किक विश्लेषण, आंकड़ों का वर्गीकरण, सटीक मापन और समस्या समाधान की क्षमता विकसित हुई। टैबलेट के माध्यम से डेटा का डिजिटल संकलन करने से डिजिटल साक्षरता और सूचना प्रबंधन का व्यावहारिक अनुभव भी मिला। सहायक शिक्षक प्रदीप वर्मा ने बताया कि इस प्रकार की गतिविधियां गणित, विज्ञान और डिजिटल तकनीक को एक ही कार्य में समाहित करती हैं। बच्चे जब स्वयं मापते हैं, आंकड़े जुटाते हैं, उनका विश्लेषण करते हैं और फिर उन्हें डिजिटल रूप देते हैं, तो उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण और प्रमाण आधारित चिंतन विकसित होता है। लर्निंग बाय डूइंग का वास्तविक उद्देश्य भी यही है कि बच्चे केवल जानकारी प्राप्त न करें, बल्कि स्वयं प्रयोग करके, अवलोकन करके और निष्कर्ष निकालकर सीखें।