संजय दत्त की ‘आखरी सवाल’ का टीजर रिलीज: साइन लैंग्वेज में आने-वाली पहली हिंदी फिल्म बनी चर्चा का केंद्र

लखनऊ/मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त स्टारर फिल्म ‘आखरी सवाल’ इन दिनों दर्शकों के बीच खासा उत्साह पैदा कर रही है। फिल्म अपनी अनाउंसमेंट के बाद से ही चर्चा में बनी हुई थी, और अब हनुमान जन्मोत्सव के मौके पर इसका टीजर रिलीज होते ही इसे लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है। टीजर में दुनिया के सबसे बड़े स्वैच्छिक संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के इतिहास की ऐसी झलक देखने को मिलती है, जिसे पहले कभी पर्दे पर नहीं दिखाया गया।

फिल्म अपने विषय के साथ-साथ अपने अनोखे प्रस्तुतीकरण के लिए भी खास मानी जा रही है। ‘आखरी सवाल’ इंडियन साइन लैंग्वेज में उपलब्ध होने वाली पहली हिंदी फीचर फिल्म बनने जा रही है। यह कदम सिनेमा को अधिक समावेशी बनाने की दिशा में एक बड़ा प्रयास माना जा रहा है। भारत में करीब 4 से 5 करोड़ लोग ऐसे हैं जो सुनने या बोलने में असमर्थ हैं, और यह फिल्म उन्हें भी सिनेमा के अनुभव से जोड़ने का काम करेगी। खास बात यह है कि फिल्म रिलीज के पहले दिन से ही आईएसएल में उपलब्ध होगी, जिससे ज्यादा से ज्यादा दर्शकों तक इसकी पहुंच सुनिश्चित हो सके।

फिल्म का निर्देशन नेशनल अवॉर्ड विजेता फिल्ममेकर अभिजीत मोहन वारंग ने किया है। वहीं इसे निखिल नंदा द्वारा प्रस्तुत किया गया है, जबकि प्रोडक्शन की जिम्मेदारी खुद निखिल नंदा और बॉलीवुड एक्टर संजय दत्त ने संभाली है। इसके अलावा पुनीत नंदा, डॉ. दीपक सिंह, गौरव दुबे और उज्जवल आनंद फिल्म के सह-निर्माता हैं। फिल्म की कहानी, पटकथा और संवाद उत्कर्ष नैथानी ने लिखे हैं।

‘आखरी सवाल’ 8 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है और दर्शकों को एक अलग और समावेशी सिनेमाई अनुभव देने का वादा करती है।