संत गाडगे जयंती पर अखिलेश ने अर्पित की श्रद्धांजलि

लखनऊ। सपा प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने संत गाडगे बाबा के चित्र पर माल्यार्पण किया।

समाज सुधारक संत गाडगे बाबा की जयंती पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि संत गाडगे आजीवन सामाजिक विषमता और अन्याय के खिलाफ संघर्षरत रहे। वे समाज को जागरूक करते रहे।

संत गाडगे व्यर्थ के कर्मकाण्डी एवं खोखली परम्पराओं से दूर रहे। अस्पृश्यता और जाति प्रथा के वे प्रबल विरोधी थे।

अखिलेश ने कहा कि संत गाडगे ने अपने समाज में शिक्षा का प्रकाश फैलाने के लिये 31 शिक्षण संस्थाओं की स्थापना की। बाबा गाडगे का बाबा साहब डॉ० भीमराव अम्बेडकर से भी निकट सम्बंध था।

संत गाडगे का सम्पूर्ण जीवन और कार्य पूरे भारत के लिये प्रेरणास्रोत है। संत गाडगे जयंती समारोह में पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, मनोज पाण्डेय एवं संजय गर्ग विधायक, अरविन्द कुमार सिंह सदस्य विधान परिषद, डॉ० रामकरन निर्मल प्रदेश अध्यक्ष लोहियावाहिनी, अरविन्द गिरी प्रदेश अध्यक्ष युवजन सभा भी कार्यक्रम में शामिल रहे।