400 सीट जीतने के दावे के साथ साइकिल लेकर सड़कों पर उतरे अखिलेश यादव

नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव साइकिल पर बैठ कर एक बार फिर सत्ता में लौटने की तैयारी में हैं। सपा के वरिष्ठ नेता जनेश्वर मिश्र की जयंती के मौके पर गुरुवार अखिलेश यादव ने साइकिल यात्रा निकाली। उनके साथ उनके हजारों कार्यकर्ताओं का जमावड़ा भी सड़कों पर साइकिल लिए नजर आया। इस दौरान अखिलेश यादव ने एक बयान भी दिया। जहां पहले वो 350 की बात करते थे, अब उन्होंने आगामी चुनावों में 400 सीटें हासिल करने का दावा किया है।

‘मैनीफेस्टो’ नहीं ‘मनीफेस्टो’ बनाती है भाजपा

साइकल यात्रा से पहले सपा कार्यालय से अखिलेश यादव ने मीडिया को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार को धोखेबाज बताया। उनका कहना है कि भाजपा में अपराधी भरे हुए हैं। वो ‘मैनीफेस्टो’ नहीं ‘मनीफेस्टो’ बनाते हैं। उनके लिए राजनीति एक व्यापार है। भाजपा की सरकार ने कोरोना के दौरान लोगों की मदद नहीं की और बड़ी संख्या में मौतें हुई हैं। इसके बाद अखिलेश यादव सपा कार्यालय से साइकिल यात्रा के लिए निकल पड़े। उनके साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं का हुजूम मौजूद है।

अखिलेश ने भाजपा पर कसा तंज

बीजेपी पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि ”बीजेपी को प्रत्याशी नहीं मिलेंगे। बीजेपी आजकल अपराधियों के करीब पहुंच गई है। साइकिल यात्रा पर निकले सपा अध्यक्ष ने कहा कि साइकिल यात्रा का मकसद बदलाव है। बीजेपी सरकार की नाकामियों से हर वर्ग परेशान है। जो वादे किए गए वो पूरे नहीं किये गए।” उन्होंने कहा कि ”चुनाव तक पार्टी लगातार कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।”
अखिलेश यादव ने कहा कि ”भाजपा के घोषणापत्र में 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का वादा था। आज उत्तर प्रदेश का किसान जानना चाह रहा कि काले क़ानून के बाद, जिस तरह से मंडी बंद हो चुकी हैं, क्या उनकी आय दोगुनी हुई? आज भी किसानों के गन्ने का बकाया है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *