घर के सामने खड़ंजा निर्माण को लेकर चाचा-भतीजे में विवाद, दोनों पक्षों ने लगाए आरोप


अमेठी। कोतवाली क्षेत्र के कुशीताली गांव में घर के सामने खड़ंजा निर्माण को लेकर चाचा-भतीजे के बीच विवाद का मामला सामने आया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिक्षक अरविंद कुमार पांडेय ने आरोप लगाया कि शनिवार सुबह कुछ लोग मुंह पर गमछा बांधकर उनके घर के सामने पहुंचे और जबरन खड़ंजा निर्माण कराने लगे। उनका कहना है कि उस समय वे जनगणना ड्यूटी के सिलसिले में बाहर थे। घर पर मौजूद महिलाओं ने विरोध किया तो उनके साथ अभद्रता और मारपीट की गई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विपक्षी निर्माण कार्य के जरिए जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहा था। मामले की शिकायत अमेठी कोतवाली में दर्ज कराई गई है।
वहीं, दूसरे पक्ष के प्रशांत पांडेय ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता उनके सगे चाचा हैं और दोनों परिवारों के घर पास-पास स्थित हैं। उनके अनुसार जिस स्थान पर खड़ंजा लगाया गया है, वहां लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई थी, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता था।
प्रशांत पांडेय का कहना है कि यह मार्ग पूर्व विधायक निधि से निर्मित आरसीसी सड़क का हिस्सा है। समय के साथ सड़क के एक हिस्से में पानी भरने की समस्या उत्पन्न हो गई थी। इसी कारण केवल जलभराव वाले हिस्से में खड़ंजा लगाया गया है, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके और आवागमन सुगम हो।
दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप के बीच पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि निष्पक्ष जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।