3 माह से मानदेय न मिलने पर धरने पर बैठीं आशा संगिनी, कार्य बहिष्कार जारी


फतेहाबाद। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत ब्लॉक फतेहाबाद में कार्यरत संविदाकर्मी आशा संगिनियों ने पिछले तीन माह से मानदेय न मिलने के विरोध में मोर्चा खोल दिया है। आर्थिक तंगी से परेशान आशा संगिनियों ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में धरना शुरू कर दिया। इससे पहले शुक्रवार को उन्होंने अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर पूर्ण कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी थी।
आशा और संगिनी स्वास्थ्य कर्मियों का कहना है कि लगातार तीन माह से मानदेय न मिलने के कारण उनके सामने परिवार के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। कई बार अधिकारियों से गुहार लगाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ, जिसके बाद मजबूर होकर उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक अभिषेक चौहान को दिए गए ज्ञापन में कर्मचारियों ने बताया कि वे बिना वेतन के लगातार सेवाएं दे रही हैं। अब घर का खर्च चलाना भी मुश्किल हो गया है, जिससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी है।
शनिवार को बड़ी संख्या में आशा एवं संगिनी स्वास्थ्य कर्मियों ने स्वास्थ्य केंद्र पर डेरा डालते हुए धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रही आशा संगिनियों ने साफ कहा कि जब तक बकाया मानदेय का भुगतान नहीं किया जाता, तब तक वे काम पर वापस नहीं लौटेंगी।
धरने में मुख्य रूप से गुड्डी देवी, अंजली, विरमा देवी, रजनीश देवी, उषा देवी, निर्मला देवी, मीरा और ललित सहित कई आशा संगिनी मौजूद रहीं।