ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने के लिए आशा फाउंडेशन ने कराया कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन


बिलग्राम। ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आशा फाउंडेशन की ओर से ग्राम दुर्गागंज में कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में मल्लावां और कन्नौज की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। खिलाड़ियों ने मैदान पर दमखम दिखाते हुए शानदार खेल का प्रदर्शन किया, जिससे दर्शकों में खासा उत्साह नजर आया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका बिलग्राम के चेयरमैन अनिल राठौर रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य हरदोई धीरू सिंह जूरा रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
मुकाबले के दौरान मल्लावां और कन्नौज की टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल, फुर्ती और रणनीति का प्रदर्शन किया। मैदान पर खिलाड़ियों के बीच कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिता में क्षेत्र की अन्य ग्रामीण टीमों ने भी प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि अनिल राठौर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल उन्हें उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराने की है। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ-साथ उनमें खेल के प्रति रुचि और प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित करते हैं।
विशिष्ट अतिथि धीरू सिंह जूरा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आशा फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं का लगातार आयोजन किया जाना चाहिए।
आयोजन समिति की ओर से मुख्य अतिथि अनिल राठौर, चेयरमैन बिलग्राम, विशिष्ट अतिथि धीरू सिंह जूरा, सदस्य जिला पंचायत हरदोई, राजीव दीक्षित, पूर्व प्रधान, अवनीत शर्मा और मुकेश पाठक, सभासद बिलग्राम को सम्मानित किया गया।
आयोजकों ने कहा कि आशा फाउंडेशन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर और बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। भविष्य में भी युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे खेल आयोजनों को जारी रखा जाएगा।