UP में एथर एनर्जी की धमाकेदार बढ़त: रिटेल सेल में 163 प्रतिशत का उछाल, रिज्टा बना ग्राहकों की पहली पसंद

लखनऊ। एथर एनर्जी ने उत्तर प्रदेश के इलेक्ट्रिक स्कूटर बाजार में वित्तवर्ष 2025-26 के दौरान शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। वाहन डेटा के अनुसार कंपनी की रिटेल सेल में 163 प्रतिशत की बड़ी वृद्धि हुई है। जहां वित्तवर्ष 2025 में कंपनी ने 3,624 यूनिट्स की बिक्री की थी, वहीं वित्तवर्ष 2026 में यह आंकड़ा बढ़कर 9,541 यूनिट्स तक पहुंच गया। इस तेज़ बढ़त ने एथर को राज्य के तेजी से बढ़ते इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में मजबूत स्थिति दिलाई है।

लॉन्च के बाद रिकॉर्ड बिक्री, रिज़्टा ने पार किए 3 लाख यूनिट्स के आंकड़े

कंपनी के फैमिली इलेक्ट्रिक स्कूटर एथर रिज़्टा को ग्राहकों का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। वाहन डेटा के मुताबिक लॉन्च के महज 11 महीनों के भीतर रिज़्टा की 1 लाख यूनिट्स बिक गई थीं। इसके बाद इसकी लोकप्रियता और तेजी से बढ़ी तथा अगले 12 महीनों में इस स्कूटर ने 3 लाख यूनिट्स बिक्री का रिकॉर्ड बना लिया। कंपनी के कुल बिक्री वॉल्यूम में भी रिज़्टा की हिस्सेदारी लगातार बढ़ रही है। वित्तवर्ष 2026 में एथर की कुल बिक्री में रिज़्टा की भागीदारी 76 प्रतिशत रही, जो यह दर्शाती है कि यह स्कूटर आधुनिक भारतीय परिवारों की पहली पसंद बन चुका है।

उत्तर प्रदेश बना एथर की विकास रणनीति का प्रमुख केंद्र

एथर एनर्जी के चीफ बिजनेस ऑफिसर रवनीत सिंह फोकेला ने कहा कि उत्तर प्रदेश कंपनी के लिए तेजी से उभरता हुआ महत्वपूर्ण बाजार बन गया है। उन्होंने बताया कि कंपनी मौजूदा वित्तवर्ष में राज्य में अपनी पहुंच और अधिक बढ़ाने की योजना पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले वित्तवर्ष के दौरान एथर ने उत्तर प्रदेश में अपने रिटेल नेटवर्क का विस्तार करते हुए 14 आउटलेट्स से बढ़ाकर 30 शहरों में 36 आउटलेट्स तक पहुंच बनाई है। उन्होंने यह भी कहा कि रिज़्टा को परिवारों से शानदार प्रतिक्रिया मिली है और आने वाले समय में कंपनी ईएल01 प्लेटफॉर्म पर आधारित नया स्कूटर भी बाजार में उतारेगी, जिसकी झलक पिछले वर्ष एथर कम्युनिटी डे में दिखाई गई थी। कंपनी को उम्मीद है कि इससे उत्तर प्रदेश में उसकी बिक्री और तेज़ी से बढ़ेगी।

बड़े परिवारों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया रिज़्टा

रिज़्टा का डिज़ाइन विशेष रूप से भारतीय परिवारों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें सेगमेंट की सबसे बड़ी सीट, बड़ा फ्लोरबोर्ड और कुल 56 लीटर स्टोरेज क्षमता दी गई है। इसमें 34 लीटर का अंडरसीट स्टोरेज और 22 लीटर का फ्रंक शामिल है, जो दैनिक उपयोग के लिहाज से इसे बेहद सुविधाजनक बनाता है। इसके अलावा स्कूटर में स्किडकंट्रोल, थेफ्ट एवं टो अलर्ट और एथरस्टैक 7 टचस्क्रीन इंटरफेस जैसे आधुनिक फीचर्स दिए गए हैं, जो ग्राहकों को हाई-टेक इलेक्ट्रिक मोबिलिटी का अनुभव प्रदान करते हैं।

सॉफ्टवेयर अपडेट से बेहतर हो रहा ग्राहकों का अनुभव

एथर अपने ग्राहकों को बेहतर ओनरशिप अनुभव देने के लिए लगातार सॉफ्टवेयर अपडेट भी उपलब्ध करा रही है। सितंबर 2025 में कंपनी ने अपने प्रोपरायटरी एथरस्टैक 7 प्लेटफॉर्म के जरिए ओवर-द-एयर अपडेट जारी किया, जिसके माध्यम से टचस्क्रीन इंटरफेस को और बेहतर बनाया गया।

यह बैकवर्ड-कंपैटिबल अपडेट सभी मौजूदा रिज़्टा ज़ेड ग्राहकों के लिए उपलब्ध कराया गया, जिससे यूज़र एक्सपीरियंस में सुधार हुआ और ग्राहकों के बीच कंपनी की सकारात्मक छवि और मजबूत हुई।