हिमाचल जाने वाले ध्यान दें ! जारी हुई ‘ऑरेंज’ चेतावनी।

अमर भारती :हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में बर्फबारी के एक दिन बाद गुरुवार सुबह धूप निकली लेकिन मौसम विज्ञान विभाग ने 12 जनवरी के लिए ताजा ‘ऑरेंज’ चेतावनी जारी की है, जिसमें भारी बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।

शिमला में मौसम विज्ञान विभाग केन्द्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि लाहौल-स्पीति जिले के प्रशासनिक केन्द्र केलांग में तापमान शून्य से 14.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। शिमला, कुफरी, मनाली, डलहौजी और कल्पा सहित राज्य के अधिकतर मध्यम और ऊंची पहाड़ियों में तापमान शून्य से नीचे ही दर्ज किया गया।

कल्पा में शून्य से 9.1 डिग्री सेल्सियस नीचे, मनाली में शून्य से 7.8 डिग्री सेल्सियस नीचे, डलहौजी में शून्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस नीचे, कुफरी में शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे और शिमला में शून्य से नीचे 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसी तरह सोलन में शून्य से नीचे 0.8 डिग्री सेल्सियस और कांगड़ा जिले के पालमपुर में भी शून्य से नीचे 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश में गुरुवार और शुक्रवार को अधिकतर मौसम शुष्क रहेगा। विभाग के अधिकारी ने बताया कि सड़क से बर्फ हटाने का काम जारी है। बुधवार को हुई भीषण बर्फबारी के कारण 879 सड़कें जाम हैं।

मौसम विज्ञान विभाग ने 11 से 14 जनवरी के बीच मूसलाधार बारिश, मध्य और ऊंची पहाड़ियों में बर्फबारी का पूर्वानुमान लगाया। हालांकि ‘ऑरेंज’ चेतावनी केवल रविवार के लिए जारी की गई है।