बाराबंकी में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक सवार दो युवकों को रौंदा, मौके पर मौत से मचा कोहराम

बाराबंकी के लोनीकटरा थाना क्षेत्र में लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, बोलेरो वाहन हैदरगढ़ की ओर से तेज गति से आ रहा था। इसी दौरान मंगलपुर कट के पास बाइक सवार युवक मुड़ रहे थे, तभी बोलेरो ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस की मदद से घायलों को त्रिवेदीगंज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान बासदेव पुत्र सीताराम निवासी निजामपुर, गोसाईगंज और उदयराज पुत्र राम लखन निवासी ललईखेड़ा, लोनीकटरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उदयराज के घर दो दिन पहले ही शादी समारोह हुआ था। वह अपने रिश्तेदार बासदेव के साथ चाय पीकर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही लोनीकटरा थानाध्यक्ष अभिमन्यु मल्ल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना में शामिल बोलेरो वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बाराबंकी में लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं। तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते ऐसे हादसे लोगों की जान ले रहे हैं। सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन और आम नागरिकों को गंभीरता से कदम उठाने की जरूरत है।