बाराबंकी में विवादित होर्डिंग पर बवाल, सपा कार्यकर्ताओं ने फाड़े पोस्टर; जांच में जुटी पुलिस


बाराबंकी। शहर के एक प्रमुख चौराहे पर लगी विवादित होर्डिंग को लेकर मंगलवार को राजनीतिक माहौल गरमा गया। होर्डिंग में समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को मुस्लिम टोपी पहने दिखाया गया था। साथ ही उस पर आपत्तिजनक राजनीतिक टिप्पणी भी लिखी गई थी।
सुबह होर्डिंग पर लोगों की नजर पड़ते ही मामला तूल पकड़ गया। सूचना मिलने पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे। सपा नेता ताज बाबा राईन के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए विवादित होर्डिंग और पोस्टर हटाकर फाड़ दिए।


सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि यह उनकी पार्टी की छवि खराब करने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश है। उन्होंने प्रशासन से दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सूचना पर नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। कोतवाल सुधीर सिंह ने बताया कि होर्डिंग को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। तहरीर मिलने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।