अवैध बिजली तार की चपेट में आने से युवक की मौत, परिजनों ने कार्रवाई की मांग की


बाराबंकी। नगर कोतवाली क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान के पास कथित रूप से खुले बिजली के तार की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के परिजनों ने नगर कोतवाली पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।


प्रार्थना पत्र के अनुसार घटना मंगलवार की 1 सुबह करीब आठ बजे की बताई गई है। परिजनों का आरोप है कि अरविंद कुमार तिवारी व अन्ना तिवारी के मकान का निर्माण कार्य चल रहा है। मकान के सामने लगे बिजली के खंभे से कथित तौर पर अवैधानिक तरीके से तार काटकर खुले में छोड़ दिया गया था। इसी दौरान युवक उसकी चपेट में आ गया और करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गया।
परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को मोर्चरी में रखवाया गया। घटना की सूचना पुलिस को देकर परिजनों ने रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।