सोमनाथ मंदिर में दर्शन और टीका लगाने पर पंचायत सहायक के सामाजिक बहिष्कार का आरोप, एसपी से लगाई न्याय की गुहार

बाराबंकी। जिले के टिकैतनगर थाना क्षेत्र के एक पंचायत सहायक ने सोमनाथ मंदिर में दर्शन और टीका लगाने के बाद सामाजिक बहिष्कार, मस्जिद में प्रवेश पर रोक, मारपीट और जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक बाराबंकी को प्रार्थना पत्र देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित आमिर के अनुसार वह 11 मई को अपने मित्र अवधेश के साथ गुजरात स्थित प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर गया था। मंदिर में दर्शन करने और टीका लगाने के दौरान ली गई तस्वीर उसके मित्र ने सोशल मीडिया पर साझा कर दी। आरोप है कि फोटो वायरल होने के बाद कुछ स्थानीय लोगों ने उसका सामाजिक बहिष्कार कर दिया, मस्जिद में प्रवेश पर रोक लगा दी और गांव छोड़ने तथा जान से मारने की धमकी दी।


आमिर का आरोप है कि कुछ दिन पहले ताजिया कार्यक्रम के दौरान उसकी मौजूदगी पर कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। पहले उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने लखनऊ रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उसके सिर में 10 टांके लगाए गए।
पीड़ित का यह भी आरोप है कि मारपीट की घटना से पहले उस पर फायरिंग की गई थी, जिसमें वह बाल-बाल बच गया।
आमिर के मुताबिक उसने 17 मई और 22 जून को टिकैतनगर पुलिस को लिखित शिकायत दी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक बाराबंकी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
फिलहाल मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। शिकायत की सत्यता और आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।