
लखनऊ। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए प्रवेश विवरणिका जारी कर दी है। विश्वविद्यालय की प्रवेश समिति के अनुसार 14 जुलाई 2026 से समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण शुरू होगा। प्रवेश कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट की मेरिट के आधार पर किया जाएगा। कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने बताया कि विश्वविद्यालय अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुसंधान, नवाचार और छात्र-केंद्रित शिक्षण व्यवस्था के कारण देश के प्रमुख केंद्रीय विश्वविद्यालयों में शामिल है। उन्होंने अभ्यर्थियों से प्रवेश विवरणिका का अध्ययन कर समय पर पंजीकरण करने की अपील की।
प्रवेश समिति के अध्यक्ष प्रो. अमित कुमार सिंह ने बताया कि इस वर्ष 27 स्नातक पाठ्यक्रमों की कुल 1528 सीटों पर प्रवेश होगा। इनमें लखनऊ परिसर के 20 पाठ्यक्रमों में 958 और अमेठी सैटेलाइट परिसर के 7 पाठ्यक्रमों में 570 सीटें शामिल हैं। विवरणिका में पात्रता, सीटें, शुल्क, आरक्षण, आवश्यक दस्तावेज और प्रवेश प्रक्रिया की पूरी जानकारी उपलब्ध है। बीए (ऑनर्स), बीकॉम (ऑनर्स), बीबीए (ऑनर्स), बीबीए एलएलबी (ऑनर्स), बीएससी और बीटेक समेत विभिन्न रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा।
आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील
विश्वविद्यालय को एनएएसी से ए++ ग्रेड प्राप्त है तथा एनआईआरएफ रैंकिंग में विश्वविद्यालय श्रेणी में 37वां स्थान मिला है। विषयवार रैंकिंग में विधि 12वां, हॉर्टिकल्चर 21वां, फार्मेसी 23वां और प्रबंधन 79वें स्थान पर है। वहीं बीबीएयू प्रशासन ने अभ्यर्थियों से प्रवेश संबंधी नवीनतम जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर रखने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।