दिल्ली सरकार की पहल पर कैट्स एंबुलेंस के कर्मचारियों ने वापस ली हड़ताल

अमर भारती : कैट्स एंबुलेंस कर्मचारियों ने 76 दिन बाद शुक्रवार शाम अपनी हड़ताल वापस ले ली है। इससे पहले सरकार के मुख्य अधिकारियों ने सिविल लाइन स्थित प्रदर्शन स्थल पर पहुंच कर्मचारियों का धरना समाप्त कराया।

इस दौरान कर्मचारियों की मांग पर अधिकारियों ने उन्हे भरोसा दिया है कि किसी भी कर्मचारी के खिलाफ कोई सख्त कदम नहीं उठाया जाएगा। जिन कर्मचारियों का वेतन रुका हुआ है, उन्हें जल्द से जल्द वेतन मिलेगा।

इसके साथ ही कर्मचारियों की बहाली भी सरकार तय समय पर करेगी। हालांकि यह भी कहा गया है कि कर्मचारियों के ट्रांसफर को लेकर एक पारदर्शी नीति बनाई जाएगी। दिल्ली सरकार इस नीति के तहत सभी क्षेत्र के कर्मचारियों पर इसे लागू करेगी। श्रम कानून का उल्लंघन न हो, इसके लिए हर तीन महीने में एक समीक्षा बैठक भी की जाएगी।

उधर दिल्ली कैट्स यूनियन के अध्यक्ष नरेंद्र लाकड़ा का कहना है कि यूनियन के साथ दिल्ली सरकार की उच्च स्तरीय बैठक में कई मंत्री शामिल हुए थे। और इस दौरान सरकार ने कर्मचारियों की मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए लिखित आश्वासन दिया है।