वस्त्र उद्योग और माटीकला को नई पहचान देने की तैयारी, सीएम योगी ने दिए अहम निर्देश


लखनऊ। मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने सोमवार को हथकरघा, वस्त्रोद्योग एवं खादी विभाग की समीक्षा बैठक में प्रदेश के वस्त्र एवं परिधान क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की पहचान वस्त्र और परिधान क्षेत्र में और अधिक मजबूत की जाए तथा उद्योगों को समय पर प्रशिक्षित एवं दक्ष मानव संसाधन उपलब्ध कराया जाए।
मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण कार्यक्रमों को रोजगारपरक और उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऑटोमेशन और टेक्निकल टेक्सटाइल्स के बढ़ते महत्व को देखते हुए प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों को आधुनिक जरूरतों के अनुसार अपडेट किया जाए। साथ ही उद्योगों, प्रशिक्षण संस्थानों और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।
सीएम योगी ने प्रशिक्षण प्रणाली में गुणवत्ता, पारदर्शिता और तकनीक आधारित निगरानी को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाई जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने माटीकला को प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और ग्रामीण रोजगार का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने माटीकला उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने तथा कारीगरों को आधुनिक डिजाइन, सोलर चाक और नई तकनीकों से जोड़ने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कारीगरों को वित्तीय सहायता, आधुनिक उपकरण और बेहतर विपणन सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। साथ ही ग्रामीण युवाओं, महिलाओं और कारीगरों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।