देवरिया के लार में दिनदहाड़े 18 वर्षीय युवक को गर्दन में मारी गोली, हालत गंभीर

देवरिया। जिले के लार थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े 18 वर्षीय युवक को गोली मार दिए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घायल युवक की गर्दन में गोली लगी है। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।


जानकारी के अनुसार, आदर्श नगर पिंडी निवासी प्रकाश यादव (18), पुत्र रामबाबू, सोमवार सुबह अपने दो दोस्तों के साथ अलमाइटी स्कूल के सामने स्थित समाधि बाबा के सुनसान बगीचे में घूमने गया था। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उस पर गोली चला दी। गोली उसकी गर्दन में लगी, जिसके बाद साथ मौजूद दोनों युवक उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लार लेकर पहुंचे।
अस्पताल से सूचना मिलने पर लार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह ने घायल के साथ आए युवकों से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की।
फिलहाल गोली मारने वाले हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है। घटना के पीछे का कारण भी स्पष्ट नहीं है। पुलिस पुरानी रंजिश, आपसी विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।