
फतेहाबाद। क्षेत्र के औद्योगिक और सामाजिक विकास को नई दिशा देते हुए फतेहाबाद के नगरचंद क्षेत्र में अत्याधुनिक पानी प्लांट का भव्य उद्घाटन किया गया। उत्तर प्रदेश जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने नवनिर्मित प्लांट का विधिवत फीता काटकर शुभारंभ किया। इस पहल को क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल और रोजगार के अवसरों की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
अंबुजा फाउंडेशन से जुड़े फतेहाबाद ब्रांच मैनेजर मनोज डबराल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वाटर मैनर आरओ प्लांट में तीन एटीएम मशीनें स्थापित की गई हैं और इसमें 4 टन का चिलर लगाया गया है। प्लांट की क्षमता लगभग 1000 लीटर प्रति घंटे पानी उत्पादन की है, जिससे आसपास के लोगों को स्वच्छ और सुलभ पेयजल उपलब्ध होगा। इस सुविधा से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है और विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. मंजू भदौरिया ने कहा कि इस प्लांट की स्थापना से न केवल स्थानीय लोगों को शुद्ध पानी मिलेगा, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में इस तरह की परियोजनाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूत कदम हैं और इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
डॉ. भदौरिया ने प्लांट प्रबंधन से अपील की कि वे स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता दें, जिससे क्षेत्र के विकास में लोगों की सीधी भागीदारी सुनिश्चित हो सके। उद्घाटन के बाद उन्होंने प्लांट का निरीक्षण किया और वहां उपयोग में लाई जा रही आधुनिक मशीनों और तकनीक की जानकारी भी प्राप्त की।
कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता, क्षेत्र के प्रमुख उद्यमी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। प्लांट के संचालकों ने डॉ. मंजू भदौरिया का बुके भेंट कर और स्मृति चिन्ह देकर स्वागत व अभिनंदन किया। इस अवसर पर मनोज डबराल, प्रियंका मौर्या, रिंकू गुर्जर, सोनू, लक्ष्मी, सरस्वती, रीना, कविता, प्लांट संचालक रामकिशोर चौहान, गजेंद्र चौहान सहित राजकुमार चौहान, राकेश चौहान, भोलू राजपाल, ओमकार सिंह और लायक सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।