
फतेहपुर सीकरी। शिवपुरी वार्ड में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या को लेकर शनिवार को लोगों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया। पेयजल आपूर्ति ठप होने से परेशान दर्जनों महिला-पुरुषों ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए मुख्य बाजार में सड़क पर धरना दे दिया। करीब दो घंटे तक चले इस प्रदर्शन के कारण मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को भी शिवपुरी वार्ड की महिलाओं ने पेयजल संकट के विरोध में नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया था। उस समय अधिशासी अधिकारी द्वारा शाम तक जलापूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया गया था। लेकिन शनिवार तक भी समस्या का समाधान नहीं हुआ, जिससे लोगों का आक्रोश और बढ़ गया।
शनिवार दोपहर बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष अपनी शिकायत लेकर नगर पालिका कार्यालय पहुंचे, लेकिन वहां कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं मिला। इससे नाराज लोगों ने मुख्य बाजार में सड़क पर बैठकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और तत्काल पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग उठाई।
धरना-प्रदर्शन की सूचना मिलते ही कस्बा चौकी प्रभारी प्रमोद यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। प्रदर्शन के दौरान पालिका के अधिकारी और अधिकांश कर्मचारी मौके से अनुपस्थित रहे, जिससे लोगों की नाराजगी और बढ़ गई।
करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद पुलिस अधिकारियों और पालिका कर्मचारियों ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। वार्ता के दौरान अधिकारियों ने शनिवार शाम अथवा रात्रि तक पेयजल आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने धरना समाप्त कर दिया।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि जल्द ही नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं की गई तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम ने नगर पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।