
टिकैतनगर (बाराबंकी)।
थाना टिकैतनगर क्षेत्र के सराय दुनौली गांव में रविवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब खाना बनाते समय चूल्हे से निकली चिंगारी ने तीन छप्परनुमा घरों को चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और तीन परिवारों की पूरी गृहस्थी जलकर खाक हो गई।
गांव निवासी राम लखन खेत में काम करने गए थे, जबकि घर पर महिलाएं दोपहर का खाना बना रही थीं। तभी चूल्हे से निकली चिंगारी ने राम लखन के छप्पर को आग की गिरफ्त में ले लिया। घर में सूखी लकड़ियां और फूस होने के चलते आग तेजी से फैली और पड़ोसी जय कुमार और लहरी के घरों तक पहुंच गई।
ग्रामीणों ने बाल्टी और पाइप के सहारे आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन तब तक तीनों घरों में रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था। जय कुमार और लहरी के घरों में रखे करीब पांच हजार रुपये नकद, बहू-बेटियों के जेवरात, कपड़े, बिस्तर, अनाज व रसोई का अन्य सामान आग की भेंट चढ़ गया। राम लखन का भी संपूर्ण घरेलू सामान राख में तब्दील हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग के कर्मचारी, लेखपाल और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा। उन्होंने नुकसान का जायजा लेकर रिपोर्ट तैयार की और उच्चाधिकारियों को भेज दी है। पीड़ित परिवारों ने शासन-प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।