अनुमति नहीं मिली तो ‘गौ-गर्जना अक्षौहिणी संकल्प सभा’ पर होगा बड़ा फैसला, आयोजकों ने प्रशासन से जताई नाराजगी


लखनऊ। आगामी 24 जुलाई 2026 को राजधानी लखनऊ के मान्यवर कांशीराम जी सांस्कृतिक स्थल पर प्रस्तावित ‘गौ-गर्जना गविष्टि महासभा (गौ रक्षार्थ)’ की तैयारियों के बीच प्रशासनिक अनुमति में हो रही देरी को लेकर आयोजकों ने गंभीर चिंता जताई है। प्रेस वार्ता में भारतीय गौ क्रांति मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि 17 जुलाई तक कार्यक्रम की अंतिम अनुमति जारी नहीं की गई, तो आयोजन समिति बैठक कर आगे की रणनीति और ठोस निर्णय लेगी।


आयोजकों ने बताया कि उत्तराम्नाय ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की प्रदेश की 403 विधानसभा क्षेत्रों में चल रही 81 दिवसीय गविष्टि यात्रा के समापन पर यह महासभा आयोजित की जानी है। कार्यक्रम की अनुमति के लिए 3 जुलाई 2026 को ही पुलिस कमिश्नरेट, लखनऊ के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन (फॉर्म संख्या 2026070302014) किया गया था, लेकिन लगभग 12 दिन बाद भी न तो अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी हुआ और न ही अंतिम अनुमति मिली।
आयोजन समिति के अनुसार, श्री कांशीराम स्मारक समिति के नियमों के तहत कार्यक्रम से 15 दिन पहले सभी वैधानिक अनुमतियां जमा करना अनिवार्य है। इसके लिए 4,64,640 रुपये का आवंटन शुल्क भी समय से जमा कराया जा चुका है। इसके बावजूद अंतिम अनुमति न मिलने से मंच निर्माण, पंडाल, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियां प्रभावित हो रही हैं, जिससे देशभर से आने वाले हजारों श्रद्धालुओं और गौ-भक्तों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
आयोजकों ने दावा किया कि 11 मार्च को आयोजित पूर्व कार्यक्रम में भी प्रशासन ने अंतिम समय में अनुमति दी थी और एक दिन पहले नोटिस जारी होने से व्यवस्थाओं में भारी कठिनाई आई थी। उनका कहना है कि उस समय कुछ माध्यमों में कार्यक्रम निरस्त होने की खबरें भी चलीं, जिससे भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई। इसी अनुभव को देखते हुए इस बार समय रहते अनुमति जारी किए जाने की मांग की जा रही है।
आयोजन समिति ने प्रशासन से अपील की है कि जनभावनाओं और व्यवस्थागत आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए 17 जुलाई 2026 तक अंतिम अनुमति प्रदान की जाए। समिति का कहना है कि यदि तय समय तक सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो गौ-भक्त समाज के साथ बैठक कर आगे की रूपरेखा तय की जाएगी, जिसकी नैतिक जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन की होगी।
प्रेस वार्ता में भारतीय गौ क्रांति मंच के राष्ट्रीय महासचिव विकास पाटनी, कार्यक्रम के प्रदेश प्रभारी संजय शेखर मिश्र, व्यवस्थापक संत प्रकाश, दीपक आत्रेय, राहुल द्विवेदी, प्रदीप यादव और आनंद आजाद मौजूद रहे।