
लखनऊ। रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म ‘गिन्नी वेड्स सन्नी 2’ के प्रमोशन ने अब रफ्तार पकड़ ली है और इसी सिलसिले में फिल्म की पूरी टीम नवाबी शहर लखनऊ पहुंची। फिल्म के लीड कलाकार अविनाश तिवारी और मेधा शंकर, निर्देशक प्रशांत झा और निर्माता विनोद बच्चन ने फिल्म को लेकर कई दिलचस्प बातें साझा कीं।
इस दौरान कलाकारों ने फिल्म के रोमांटिक-कॉमेडी अंदाज़, फैमिली एंटरटेनर अपील और कहानी में आने वाले ट्विस्ट्स पर खुलकर चर्चा की। अविनाश तिवारी और मेधा शंकर ने अपने किरदारों के बारे में बताते हुए कहा कि उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री इस फिल्म की खासियत होगी और दर्शकों को एक अलग अनुभव देगी। बातचीत के दौरान शूटिंग से जुड़े कई मजेदार किस्से भी साझा किए गए, जिसने माहौल को हल्का-फुल्का और दिलचस्प बना दिया।
फिल्म की स्टारकास्ट भी काफी सशक्त है, जिसमें लिलेट दुबे, सुधीर पांडे, गोविंद नामदेव, गोपी भल्ला, नयानी दीक्षित, विश्वनाथ चटर्जी और रोहित चौधरी जैसे अनुभवी कलाकार शामिल हैं। ये सभी कलाकार फिल्म की कहानी को और गहराई और मनोरंजन से भरने का काम करेंगे।
यह फिल्म उन निर्माताओं की पेशकश है जिन्होंने पहले ‘तनु वेड्स मनु’ और ‘शादी में जरूर आना’ जैसी सफल फिल्में दी हैं। ऐसे में ‘गिन्नी वेड्स सन्नी 2’ से भी दर्शकों को एक दिलचस्प, मनोरंजक और रिश्तों की बारीकियों को दर्शाने वाली कहानी की उम्मीद है, जिसे हल्के-फुल्के अंदाज़ में पेश किया गया है।
जी स्टूडियो और सौन्दर्या प्रोडेक्शन के बैनर तले बनी इस फिल्म को विनोद बच्चन और उमेश कुमार बंसल ने प्रोड्यूस किया है, जबकि निर्देशन और कहानी की कमान प्रशांत झा ने संभाली है। अब सभी की निगाहें 24 अप्रैल 2026 पर टिकी हैं, जब यह फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज होगी। लखनऊ में मिले जबरदस्त रिस्पॉन्स के बाद यह साफ है कि ‘गिन्नी वेड्स सन्नी 2’ को लेकर दर्शकों के बीच खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।