हैदरगढ़ बार एसोसिएशन चुनाव: संजय सिंह बने अध्यक्ष, संतोष कुमार शुक्ला महामंत्री निर्वाचित


बाराबंकी। तहसील बार एसोसिएशन हैदरगढ़ का वार्षिक चुनाव कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। मतदान के बाद हुई मतगणना में अध्यक्ष पद पर संजय सिंह और महामंत्री पद पर संतोष कुमार शुक्ला ने जीत दर्ज की। परिणाम घोषित होते ही तहसील परिसर में अधिवक्ताओं ने फूल-मालाओं, गुलाल और मिठाई के साथ विजयी प्रत्याशियों का भव्य स्वागत किया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान हुआ, जिसमें कुल 261 मतदाताओं में से 259 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसके बाद दोपहर 3 बजे से बार भवन में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना शुरू हुई।
अध्यक्ष पद पर संजय सिंह ने 129 मत प्राप्त कर जीत हासिल की, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी कुंवर बहादुर यादव को 98 मत मिले। महामंत्री पद पर संतोष कुमार शुक्ला 152 मत प्राप्त कर विजयी घोषित हुए, जबकि अरविंद कुमार बाजपेई को 107 मत मिले।
अन्य पदों पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष के लिए दिनेश कुमार श्रीवास्तव ने 142 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी सुभाष कुमार दीक्षित को 114 मत मिले। उपाध्यक्ष द्वितीय पद पर धर्मेंद्र कुमार यादव 130 मत पाकर विजयी हुए, जबकि विकास चंद ओझा को 124 मत प्राप्त हुए।
संयुक्त मंत्री (प्रशासन) पद पर अखिलेश कुमार मिश्रा ने 150 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। इस पद पर सूरज कुमार कनौजिया को 106 मत मिले। संयुक्त मंत्री पद पर मित्रसेन कुमार 118 मत पाकर निर्वाचित हुए, जबकि विभोर गुप्ता को 104 मत प्राप्त हुए।
शाम करीब 6 बजे परिणामों की आधिकारिक घोषणा के बाद तहसील परिसर में उत्सव का माहौल बन गया। विजयी प्रत्याशियों का समर्थकों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया, एक-दूसरे को गुलाल-अबीर लगाया और मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।
विजयी प्रत्याशियों का स्वागत करने वालों में विजय राज सिंह, जीत बहादुर सिंह, सुनील कुमार त्रिवेदी, कमल कुमार मिश्रा, राजन लाल मिश्रा, बृजेंद्र प्रताप सिंह, रूपनारायण वर्मा, धर्मेंद्र सिंह, कपिल वर्मा, संजय वर्मा, परमहंस गौतम, महेंद्र प्रताप सिंह, राकेश मिश्रा, अशोक कुमार मिश्रा, जितेंद्र सिंह चौहान, अरविंद कुमार त्रिवेदी, अमरेंद्र वर्मा, अंजनी कुमार श्रीवास्तव, अनिल कुमार मिश्रा, रजनीश शर्मा, आलोक श्रीवास्तव, मनीष मिश्रा, जितिन प्रताप सिंह, कमाल अहमद सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
एल्डर कमेटी के अध्यक्ष एवं चुनाव प्रभारी राजेंद्र कुमार बाजपेई तथा सह चुनाव प्रभारी रूपनारायण वर्मा और जगदीश शर्मा ने सभी विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर निर्वाचित घोषित किया।