
लखनऊ। होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने अप्रैल 2026 के लिए अपनी सेल्स परफॉर्मेंस जारी करते हुए मज़बूत वृद्धि दर्ज की है। कंपनी की कुल बिक्री अप्रैल 2026 में 5.63 लाख यूनिट्स रही, जो अप्रैल 2025 के 4.80 लाख यूनिट्स के मुकाबले 17 प्रतिशत की साल-दर-साल बढ़ोतरी को दर्शाती है।
घरेलू बाजार में स्थिर मांग, एक्सपोर्ट में तेज़ उछाल
कंपनी के घरेलू प्रदर्शन की बात करें तो अप्रैल 2026 में 4.84 लाख यूनिट्स की बिक्री दर्ज की गई, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 4.22 लाख यूनिट्स था। इस तरह घरेलू बिक्री में 14.7 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। वहीं, निर्यात (एक्सपोर्ट) सेगमेंट में कंपनी ने और भी बेहतर प्रदर्शन किया। अप्रैल 2026 में एक्सपोर्ट 0.796 लाख यूनिट्स रहा, जो अप्रैल 2025 के 0.579 लाख यूनिट्स की तुलना में 37.4 प्रतिशत की उल्लेखनीय बढ़ोतरी को दर्शाता है।
डिमांड सभी सेगमेंट में मजबूत: त्सुत्सुमु ओटानी
कंपनी के प्रेसिडेंट और सीईओ त्सुत्सुमु ओटानी ने इस प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कंपनी अनुशासित और निरंतर कार्यान्वयन के ज़रिए ग्राहकों का भरोसा मज़बूत करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। उन्होंने कहा कि टू-व्हीलर मार्केट में डिमांड सभी सेगमेंट में मज़बूत बनी हुई है। हम बाज़ार के बदलते रुझानों के अनुसार तेज़ी से प्रतिक्रिया देंगे और सस्टेनेबल व स्थिर ग्रोथ पर फोकस बनाए रखेंगे।
मजबूत नेटवर्क और पोर्टफोलियो से ग्रोथ को बल
कंपनी का कहना है कि उसका मज़बूत प्रोडक्ट पोर्टफोलियो और देशभर में फैले 7000 से अधिक टचपॉइंट्स का नेटवर्क उसकी लगातार वृद्धि में अहम भूमिका निभा रहा है। एचएमएसआई अपने डीलर पार्टनर्स के सहयोग से दीर्घकालिक एंटरप्राइज वैल्यू बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।