निकली भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा, जयघोष से गूंजा माहौल

लखनऊ। राम नवमी के पावन अवसर पर इंदिरा नगर में श्री राम जन्मोत्सव समिति के तत्वाधान में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शुक्रवार को आयोजित इस शोभायात्रा में आस्था, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां सैकड़ों की संख्या में महिलाओं, पुरुषों, बुजुर्गों और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
शोभायात्रा इंदिरा नगर ए-ब्लॉक स्थित कन्वेंशन सेंटर के पास से शुरू होकर लेखराज मार्केट, अयोध्या रोड, मारुति पुरम, भूतनाथ मार्केट, शालीमार चौराहा और मीना मार्केट होते हुए पुनः अपने प्रारंभिक स्थल पर संपन्न हुई। इस दौरान भक्तों ने भगवान श्रीराम के रथ को अपने हाथों से खींचकर नगर भ्रमण कराया, जो भगवान जगन्नाथ की परंपरा की झलक प्रस्तुत करता नजर आया।
पूरे मार्ग में “जय श्रीराम” के जयघोष गूंजते रहे और भक्तजन राम धुन पर झूमते हुए आगे बढ़ते रहे। शोभायात्रा में बालक-बालिकाओं द्वारा विभिन्न देवी-देवताओं का रूप धारण कर सजीव झांकियां प्रस्तुत की गईं, जो आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। साथ ही हाथी, घोड़े और ऊंट भी शोभायात्रा में शामिल हुए, जिससे आयोजन की भव्यता और बढ़ गई।
प्रयागराज के भक्त जितेंद्र बजरंगी ने हनुमान का वेश धारण कर रामधुन पर नृत्य किया, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया और पूरे मार्ग में आकर्षण का केंद्र बना रहा।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता, विधायक ओपी श्रीवास्तव, विधान परिषद सदस्य संतोष सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना कर आरती उतारी और शोभायात्रा में सहभागिता की।
शोभायात्रा के दौरान जगह-जगह व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। साथ ही भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में नेपाली समाज द्वारा भजन-कीर्तन और महिलाओं द्वारा पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किया गया। वहीं सिख समुदाय के लोगों ने भी शोभायात्रा का स्वागत करते हुए सामूहिक भजन किया, जिससे सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल देखने को मिली।
भाजपा नगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, विधान परिषद सदस्य अवनीश सिंह, मुकेश शर्मा और पवन सिंह चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक इस आयोजन में शामिल हुए