
लखनऊ। भारतीय रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन लिमिटेड देशभर में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समय-समय पर आकर्षक टूर पैकेज संचालित करता है। इसी क्रम में आईआरसीटीसी के लखनऊ कार्यालय द्वारा यात्रियों के लिए “समर स्पेशल धर्मशाला-खज्जियार विद शक्तिपीठ” नामक विशेष घरेलू टूर पैकेज की शुरुआत की गई है। यह टूर 6 रात और 7 दिन का होगा, जिसमें यात्रियों को हिमाचल प्रदेश और पंजाब के प्रमुख धार्मिक एवं प्राकृतिक पर्यटन स्थलों की सैर कराई जाएगी।
आईआरसीटीसी द्वारा संचालित इस विशेष यात्रा के दौरान यात्रियों को अमृतसर के प्रसिद्ध स्वर्ण मंदिर और अटारी-वाघा बॉर्डर, हिमाचल प्रदेश के खूबसूरत पर्यटन स्थल खज्जियार, धर्मशाला, मैक्लोडगंज और चंबा का भ्रमण कराया जाएगा। इसके अलावा श्रद्धालुओं को चामुंडा देवी शक्तिपीठ और श्री बज्रेश्वरी देवी शक्तिपीठ के दर्शन का भी अवसर मिलेगा।
यात्रा के दौरान खज्जियार झील एवं घास के मैदान, चंबा स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर और भूरी सिंह संग्रहालय, धर्मशाला का एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम, मैक्लोडगंज के भगसूनाग मंदिर और दलाई लामा मंदिर जैसे प्रमुख आकर्षण भी शामिल किए गए हैं।
आरामदायक यात्रा और बेहतर सुविधाओं की व्यवस्था
आईआरसीटीसी की ओर से यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूरे टूर के दौरान आरामदायक यात्रा व्यवस्था की गई है। यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था अच्छे होटलों में की जाएगी। पैकेज में नाश्ता और रात्रि भोजन की सुविधा भी शामिल है। इसके अतिरिक्त सभी दर्शनीय स्थलों का भ्रमण, स्थानीय परिवहन तथा अनुभवी टूर एस्कॉर्ट की सुविधा भी यात्रियों को प्रदान की जाएगी।
यह रहेगा पैकेज का शुल्क
आईआरसीटीसी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति के ठहरने पर पैकेज का शुल्क ₹69,800 प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है। दो व्यक्तियों के एक साथ ठहरने पर प्रति व्यक्ति ₹53,500 तथा तीन व्यक्तियों के एक साथ ठहरने पर ₹50,200 प्रति व्यक्ति शुल्क देना होगा।
बच्चों के लिए भी अलग से पैकेज शुल्क निर्धारित किया गया है। माता-पिता के साथ ठहरने वाले 5 से 11 वर्ष तक के बच्चों के लिए बेड सहित पैकेज ₹39,900 तथा बिना बेड ₹33,800 रखा गया है। वहीं 2 से 5 वर्ष तक के बच्चों के लिए बिना बेड पैकेज शुल्क ₹18,900 प्रति बच्चा निर्धारित किया गया है।
सीमित सीटों के आधार पर होगी बुकिंग
आईआरसीटीसी ने बताया कि इस विशेष टूर पैकेज की बुकिंग “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर की जाएगी और सीटें सीमित हैं। इच्छुक यात्री गोमती नगर स्थित पर्यटन भवन में आईआरसीटीसी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा ऑनलाइन बुकिंग आईआरसीटीसी की वेबसाइट आईआरसीटीसी टूरिज्म पर भी उपलब्ध है।
अधिक जानकारी के लिए संपर्क करें
आईआरसीटीसी ने यात्रियों से अपील की है कि अधिक जानकारी एवं बुकिंग के लिए 9236391909/ 8287930902 जारी मोबाइल नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।